मंडी धनौरा (अमरोहा)। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान लापरवाही बरतने पर एसडीएम ने एक लेखपाल से स्पष्टीकरण मांगा है। आरोप है कि लेखपाल ने कई बार कॉल करने के बाद भी एसडीएम का फोन रिसीव नहीं किया। तहसील में कार्यरत लेखपाल विंटेश कुमार की डयूटी एसआईआर में सुपरवाइजर के रूप में लगी हुई है। उसके बूथों पर एसआईआर संबंधी जानकारी अपडेट करने के लिए एसडीएम विभा श्रीवास्तव ने उनको फोन किया। एसडीएम के कई बार फोन करने के बाद भी लेखपाल ने फोन रिसीव नहीं किया और न ही वापस कॉल की। इससे नाराज एसडीएम ने विंटेश कुमार से स्पष्टीकरण मांगा है। जानकारी के अनुसार पहले विंटेश को एसडीएम ने निलंबित करने के आदेश दिए थे। एसडीएम के आदेश की जानकारी मिलने पर लेखपाल संघ के अध्यक्ष विकास यादव के साथ विंंटेश ने एसडीएम से अपनी परेशानी बताई और फोन नहीं रिसीव करने पर माफी मांगी। संघ के अनुरोध पर एसडीएम ने निलंबन के बजाय स्पष्टीकरण मांगा है। इस संबंध में एसडीएम से फोन पर बात करने का प्रयास किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ।