अमरोहा। विहिप की बैठक में प्रत्येक हिंदू परिवार से गाय पालने का आह्वान किया। कहा कि इससे क्षेत्र में छुट्टा पशुओं से निजात मिलेगी। रविवार को विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल की जिला कार्यकारिणी की बैठक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय पर संपन्न हुई। इसमें संभल विभाग के प्रभारी एवं विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह मंत्री जितेंद्र चौधरी ने आगामी कार्यक्रम एवं धर्म रक्षा निधि कार्यक्रम को सफल बनाने तथा संगठन का विस्तार करने पर जोर दिया गया।
विश्व हिंदू परिषद के नवागंतुक दोहा व संगठन मंत्री वीर प्रताप ने भी प्रत्येक ग्राम की समिति और सत्संग के माध्यम से संगठन का कार्य खड़ा करने का आह्वान किया। कहा कि प्रत्येक हिंदू यदि एक-एक गाय भी अपने घर पर पालेगा तभी हिंदू का कल्याण और छुट्टा पशुओं से निजात मिल जाएगी।
उन्होंने कहा कोई समस्या जन्मजात नहीं होती। इस समस्या को भी गाय को खुला छोड़ कर हमने ही पैदा किया है। गाय में 33 कोटि देवताओं का वास है और आज वह 33 कोटि देवता घर से बाहर ठंड में रात बिताने को मजबूर हैं। यही कारण है कि आज अकाल मृत्यु तथा अन्य तरह की घटनाएं घट रही हैं।
इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष राजकमल यादव, जिला मंत्री राकेश राणा, कोषाध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, विभाग संयोजक हेमंत सारस्वत, जिला संयोजक बजरंग दल कुशल चौधरी, जिला सह संयोजक अभिषेक गोले आदि रहे।