अमरोहा। यूपी बोर्ड की परीक्षा के बाद जिले में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य भी पूरा हो गया। मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं को संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों का भेज दिया गया है। बोर्ड परीक्षा में भाग लेने वाले बच्चे अब रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। अप्रैल के तीसरे सप्ताह में बोर्ड द्वारा रिजल्ट घोषित होने की संभावना जताई जा रही है।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 22 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च तक आयोजित हुई थी। इसके बाद 16 मार्च से मूल्यांकन का कार्य शुरू हो गया था। जोकि 29 मार्च तक चला था। जिले में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए चार केंद्र बनाए गए थे। जिन पर 382544 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गईं थी। जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं के नंबर बोर्ड को पहले ही भेजे जा चुके हैं। साथ ही मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं को भी संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों को भेज दिया गया है। परीक्षा के बाद मूल्यांकन का कार्य पूरा होने के बाद बच्चे बेसब्री से परीक्षा परिणाम के इंतजार में हैं। डीआईओएस विष्णु प्रताप सिंह ने बताया कि अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक रिजल्ट घोषित होने की संभावना जताई जा रही है।
-