कांवड़ यात्रा को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए आगामी शुक्रवार से चांदपुर दिशा से भारी वाहन जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। चांदपुर मार्ग से रसूलपुर चौकी के जरिए जनपद में प्रवेश करने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की पहली प्राथमिकता में शामिल है। बुधवार की शाम जिलाधिकारी बीके त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कांवड़ यात्रा को लेकर रसूलपुर चौकी का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षित यात्रा पुलिस प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। सुरक्षित यात्रा के लिए चांदपुर दिशा से आने वाले भारी वाहनों के जनपद में प्रवेश पर पाबंदी होगी। भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्ट किया जा रहा है। उन्होंने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि पूरी कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस लगातार गश्त करे और कांवड़ यात्रा मार्ग में किसी प्रकार की कोई बाधा ना पैदा होने दें। ग्राम चुचैला कलां में तालाब के पानी के क्षतिग्रस्त हुई सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश लोनिवि अधिकारियों को दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी कि कांवड़ यात्रा को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोनों अधिकारियों ने गजरौला तक कांवड़ यात्रा के मार्ग का निरीक्षण किया। इस मौके पर सीओ अरुण सिंह, थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।