गजरौला। दबंगों ने इंजीनियर के कार्यालय में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
धनौरा थानाक्षेत्र के गांव चक वासीपुर निवासी शुभम गुप्ता आरके टेक इंजीनियर हैं। उनका गजरौला के कवि नगर में कार्यालय है। वह 26 जुलाई को दिन में साढ़े तीन बजे कार्यालय में थे। इस दौरान चार युवक आए। आरोप है कि एक युवक ने गाली गलौज शुरू कर दी। जिसका विरोध करने पर दबंगों ने उनके ऑफिस में रखे सामान को फेंकना शुरू कर दिया। कार्यालय का दरवाजा तोड़ दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि हम मुरादपुर के हैं। तुझे छोड़ेंगे नहीं। यह कहते हुए चले गए। इसके बाद उनको मोहित चौहान नाम के युवक ने फोन किया। कहा कि वह दीपक से बात कर ले। दीपक ने सोच समझ कर गजरौला आने की धमकी दी। शुभम गुप्ता की तहरीर पर थाना पुलिस ने संदीप भड़ाना, मोहित चौहान, दीपक व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।