बुधवार रात्रि से हो रही बारिश व तेज हवा के चलते विद्युत लाइन में फाल्ट आने की वजह से 50 गांवों की आपूर्ति पिछले 24 घंटे से ठप है।
बारिश व सुबह के समय ओलावृष्टि से किसानों की आलू, गेहूं व सरसों की फसल प्रभावित हुई है। वहीं ओलावृष्टि तथा तेज हवा के चलने से तापमान में भी गिरावट आने से सर्दी बढ़ गई है। ढबारसी बिजली घर से जुड़े दमगडा, फत्तेहपुर अधेक,चन्दन कोटा, तिगरिया नादिरशाह, औगारपुर, कोकापुर, सांथलपुर, बुखारीपुर, दूल्हेपुर अहीर, सकतपुर, करनपुर बागड़पुर, रूपानांगल सहित 50 गांवों में लाइन में फाल्ट आने से पिछले 24 घंटे से आपूर्ति ठप है। जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अवर अभियंता ने बताया कि मौसम खराब होने तथा तेज हवा के चलने से विद्युत आपूर्ति सुचारु नहीं की है। जैसे ही मौसम सामान्य होगा आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। उधर, उझारी में भी 22 घंटे से आपूर्ति प्रभावित है। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संवाद