अमरोहा। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए अर्द्ध सैनिक बल और पंजाब पुलिस की मदद ली जाएगी। क्रिटिकल और वल्नरेबल बूथों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। यहां हथियारों से लैस अर्द्ध सैनिक बल के जवान रहेंगे।
जिले में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को होने वाले चुनाव को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिले की चारों विधानसभाओं में 233 क्रिटिकल बूथों का चिह्नीकरण किया गया है। जिन पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। मंडी धनौरा में 39, नौगांवा सादात में 69, अमरोहा में 54 व हसनपुर विधानसभा में 71 क्रिटिकल बूथों का चिह्नीकरण किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि इन बूथों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा। साथ ही चुनाव में व्यवधान डालने की कोशिश करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। वहीं एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस बार क्रिटिकल और वल्नरेबल बूथों हथियारों से लैस अर्द्ध सैनिक बल और पंजाब पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। चुनाव कराने के अर्द्ध सैनिक बल और पंजाब पुलिस की टुकड़ियों ने डाला डाल दिया है।
अर्द्ध सैनिक बल, पंजाब पुलिस, स्थानीय पुलिस और होमगार्ड समेत करीब साढ़े छह हजार पुलिस चुनाव कराएंगे। क्रिटिकल और वल्नरेबल बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। इन बूथों अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। मतदान और मतगणना के लिए सुरक्षा प्रबंध अलग रहेंगे। किसी भी हाल में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराया जाएगा। यदि किसी ने गड़बड़ी की कोशिश की तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में फोर्स की अतिरिक्त व्यवस्था रहेगी। इसके लिए शासन से फोर्स की भी मांग की गई है।
यदि किसी भी बूथ या फिर किसी भी क्षेत्र में शांतिभंग करने की कोशिश की जाती है तो दस मिनट के भीतर फोर्स मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लेगी। एएसपी ने बताया कि क्यूआरटी पूरी तरह एक्टिव रहेगी। हर बूथ पर तुंरत एक्शन लेने वाली फोर्स रहेगी। किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी।