गजरौला। घर से किसी कार्यवश निकले बुजुर्ग की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं जीआरपी और आरपीएफ भी मौके पर आ पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। शुक्रवार की सुबह यह हादसा रेलवे स्टेशन पर मालगोदाम के सामने ट्रैक पर हुआ। मालगोदाम के सामने ही ट्रैक के पार मोहल्ला शांति नगर में रहने वाले राजवीर सिंह (65) किसी काम से घर से निकले थे। बताते हैं कि असावधानीवश किसी ट्रेन की चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर आरपीएफ और जीआरपी भी आ पहुंची। वहीं परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बता दें कि यहां फुटओवर ब्रिज बनाने की मांग अर्से से की जा रही है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मालगोदाम के पार मोहल्ला शांति नगर के बाशिंदे शार्टकट के फेर में रेलवे लाइनों के बीच से होकर ही सफर तय करते हैं। संवाद