गजरौला (अमरोहा)। बछरायूं थाना क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर शुमाली निवासी बॉबी की हत्या उसके बड़े भाई ने जमीन को लेकर की थी। दीपू अपने हिस्से की जमीन को बेचना चाहता था, जबकि मृतक विरोध करता था। घटना के दौरान मृतक शराब के नशे में था। उसने चाकू से वार कर वारदात को अंजाम दिया।
बछरायूं थाना क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर शुमाली निवासी बॉबी की बीते मंगलवार की रात चाकू से गोद कर हत्या की गई थी। उसका शव अगले दिन बुधवार को गजरौला में चौधरी चरण सिंह नगर में बड़े भाई दीपू के कमरे में मिला था। दीपू सेवा निवृत्त प्रतिरक्षण अधिकारी गणपत सिंह के मकान में किराए पर रहता था। मृतक के पिता ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। घटना के बाद से ही दीपू गायब चल रहा था। जिसके चलते शक की सूईं उसकी तरफ जा रही थी। इसके अलावा पुलिस को उसके दोस्तों से भी पुख्ता सुराग मिले कि बॉबी की हत्या दीपू ने की है। सोमवार की पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे थाना प्रभारी अरि हंत सिद्घार्थ के नेतृत्व में पुलिस ने धनौरा रोड से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। पुलिस का कहना है गिरफ्तारी के बाद दीपू ने बतााया कि उसका खर्चा नहीं चल रहा था। इसलिए वह अपने हिस्से की जमीन को बेचना चाहता था, जबकि बॉबी विरोध करता था। मंगलवार की रात बॉबी से उसका कमरे में विवाद हो गया। वह शराब के नशे में था। इसके बाद उसने भाई पर चाकू से हमला कर दिया। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दीपू को जेल भेज दिया गया है।