हसनपुर। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए चार हादसों में आठ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगाचोली निवासी घनश्याम बुधवार को अपनी पत्नी सुनीता व ढाई वर्षीय बेटी अंशिका के साथ बाइक पर सवार होकर बुलंदशहर के सिद्ध बाबा मंदिर से लौट रहा था। इस दौरान जैसे ही उनकी बाइक गंगानगर मेहरपुर मार्ग पर गंगा बांध के नजदीक पहुंची तो अचानक सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए।
उधर, सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव झुंडी निवासी ओम प्रकाश बाइक पर सवार होकर रहरा की तरफ को जा रहा था। हसनपुर-रहरा मार्ग पर मंगरौली गांव के नजदीक सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार घायल हो गए। सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव ईशापुर निवासी सुशील का बेटा नैतिक व पत्नी ममता ट्रैक्टर पर सवार होकर हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखूपुर झकड़ी में लगने वाले विशाल होली मेले में आए हुए थे। इस दौरान वह मेला देखकर ट्रैक्टर में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह झकड़ी गांव से कुछ दूर पहुंचे तो अचानक दोनों मां बेटे ट्रैक्टर से नीचे गिर गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पिपलौती कला निवासी शाहिद बाइक पर सवार होकर संभल जा रहा था। हसनपुर- संभल मार्ग पर संभल अड्डे के नजदीक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें वह घायल हो गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि हादसों के मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।