आदमपुर। थाना क्षेत्र गांव मुबारिजपुर में सोमवार की सुबह एक जर्जर मकान की छत भरभराकर ढह गई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के मुबारिजपुर निवासी राजवीर खेतीबाड़ी के साथ मजदूरी भी करता है। वह आम की तुड़ाई के कार्य में गांव निवासी अन्य लोगों के साथ इन दिनों रोजाना मजदूरी के कार्य पर जा रहे थे। मजदूरी के रुपयों के बंटवारे को लेकर सोमवार की सुबह को राजवीर के घर की जर्जर छत पर चारपाई डालकर बात कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जर्जर छत भरभराकर गिर गई। इसमें सभी लोग छत के मलबे के साथ नीचे गिर गए।
हादसे में बबलू पुत्र राजवीर, बृजपाल पुत्र महेन्द्र, सुरेश पुत्र प्रेम, रोहित पुत्र गोकल, देवेन्द्र पुत्र नौवत, चंद्रेश पुत्र चन्द्रसेन, भूप सिंह पुत्र चिरंजीव, धर्मेन्द्र पुत्र रोदास आदि लोग घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसमें रोहित, चंद्रेश व देवेंद्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर, छत गिरने से कीमती सामान भी नष्ट हो गया। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि छत गिरने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यदि ऐसा है तो टीम को मौके पर भेजा जाएगा।