गजरौला। रमाबाई आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में लाइब्रेरी से ऑनलाइन पुस्तकें पढ़ने के लिए स्मार्ट कार्ड जरूरी है। महाविद्यालय में स्मार्ट कार्ड बनाने के लिए शासन से ग्रांट की दरकार है। ग्रांट के अभाव में छात्र-छात्राओं के स्मार्ट कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं। स्मार्ट कार्ड नहीं होने से विद्यार्थियों की पहुंच लाइब्रेरी से ऑनलाइन पुस्तकों तक नहीं हो पाएगी।
रमाबाई आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय की लाइब्रेरी कम्प्यूटरीकृत हो गई है। जिसके कारण छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन महाविद्यालय आने की जरूरत नहीं है। वह घर बैठे ही संबंधित विषय की पुस्तक का ऑनलाइन संस्करण पढ़ सकते हैं। लाइब्रेरी से ऑनलाइन किताबें पढ़ने के लिए विद्यार्थियों के पास स्मार्ट कार्ड होना अनिवार्य है। स्मार्ट कार्ड महाविद्यालय का लाइब्रेरी प्रबंधन ही मुहैया कराता है।
स्मार्ट कार्ड की चिप में विद्यार्थी का नाम कक्षा, संकाय, उसके अभिभावक का नाम, विषय, ड्रेस आदि का विवरण दर्ज किया जाता है। इस समय महाविद्यालय में 2780 विद्यार्थी हैं। जिनके स्मार्ट कार्ड बनाए जाने हैं लेकिन इस मद में महाविद्यालय को अभी शासन से धनराशि प्राप्त नहीं हुई है। जिसके चलते स्मार्ट कार्ड बनाने का काम भी शुरू नहीं हो सका है। इससे महाविद्यालय के विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
महाविद्यालय में नहीं है लाइब्रेरी प्रभारी
गजरौला। रमाबाई आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय के लाइब्रेरी प्रभारी डॉ. देवेंद्र सिंह का मेरठ तबादला कर दिया गया। वह महाविद्यालय से कार्य मुक्त होकर चले गए। उनके बाद यहां पर किसी की तैनाती नहीं की गई। लाइब्रेरी का प्रभारी नहीं होने से महाविद्यालय के विद्यार्थी पसोपेश में हैं कि उन्हें पुस्तकें कौन मुहैया कराएगा।
कोट:
जल्द ही शासन से निधि मिलने की उम्मीद है। इसके बाद स्मार्ट कार्ड बनाने का काम शुरू हो जाएगा।लाइब्रेरी प्रभारी बनाने की प्रक्रिया भी चल रही है। इसके साथ ही महाविद्यालय के रखरखाव और बिजली की जर्जर लाइन बदलवाने के लिए मद की मांग की गई है।
डॉ. संदीप कुमार, परीक्षा प्रभारी रमाबाई आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय गजरौला