रविवार रात नगर कोतवाली क्षेत्र में नौगांवा सादात रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। यहां पर पुलिस-प्रशासनिक की बिना अनुमति के डीजे भी बज रहा था। डीजे बजने की जानकारी मिलने पर नगर की वासुदेव पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही शराब के नशे में धुत होकर बैंक्वेट हॉल पहुंच गया। सिपाही ने पहले तो डीजे को बंद कराने के लिए कहा, बाद में रुपये की मांग करने लगा। रुपये नहीं मिलने पर नशे की हालत में सिपाही ने हंगामा शुरू कर दिया। बैंक्वेट हॉल के सफाईकर्मी ने विरोध किया तो सिपाही ने उसके साथ मारपीट कर दी।
सिपाही ने शादी में मौजूद महिलाओं के सामने ही गाली-गलौज की तो गुस्साए लोगों ने सिपाही को पकड़ लिया। इस दौरान दोनों तरफ से खींचतान होने लगी। सूचना मिलते ही पीआरवी मौके पर पहुंच गई। भीड़ के बीच घिरे सिपाही को बमुश्किल भीड़ के चंगुल से बचाकर भगाया। इस दौरान शादी में शामिल किसी व्यक्ति ने सिपाही की हरकत का वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया। बाद में वीडियो को सोशल मीडिया वायरल कर दिया। सोमवार को वीडियो पुलिस अफसरों के पास पहुंचा तो एसपी ने गंभीरता से लेकर सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया। अपराध निरीक्षक ओमवीर यादव ने सिपाही के लाइन हाजिर किए जाने की पुष्टि की है।