गजरौला। गोदभराई की रस्म के बाद लड़के पक्ष ने दहेज में बीस लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मामले में पुलिस ने मंगेतर और एक सीआरपीएफ कर्मी समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थानाक्षेत्र के गांव वारसाबाद निवासी शेर सिंह ने महिला थाना पुलिस परामर्श केंद्र गजरौला में एफआईआर दर्ज कराई है। जिसके मुताबिक उन्होंने अपनी बेटी की शादी विपिन कुमार के साथ तय की। नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के दाऊद सराय निवासी विपिन कुमार रेलवे में इलेक्ट्रीशियन है। मुरादाबाद में उसकी तैनाती है। गोदभराई की रस्म पांच दिसंबर 2023 को उनके गांव वारसाबाद में हुई। जिनकी दावत, विपिन को सोने की अंगूठी, चेन और तीन लाख रुपये की नकदी सहित छह लाख रुपये का खर्चा हुआ था। उनका आरोप है कि गोदभराई की रस्म के बाद विपिन के परिजनों और रिश्तेदारों ने 20 लाख रुपये नकदी की मांग कर दी। उन्होंने अपने बिचौलिया के माध्यम से समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। विपिन कुमार का बड़ा भाई मनीष कुमार सीआरपीएफ में है। वर्तमान में उनकी तैनाती मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में है। जिस कारण उन पर अनावश्यक रूप से दबाव बनाया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी विपिन कुमार, विपिन कुमार के बड़े भाई मनीष कुमार, आदर्श कुमार, अंकुश कुमार, बुआ संगीता, फूफा रतन सिंह, जीजा अजय कुमार, बहन सोनम निवासी दाऊद सराय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। महिला थाना पुलिस परामर्श केंद्र प्रभारी निधि चौधरी का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।