अमरोहा। कांवड़ यात्रा को लेकर अमरोहा प्रशासन ने रूट प्लान में थोड़ा बदलाव किया है। ये फैसला हापुड़ के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के बाद लिया गया है। बीते सालों की तरह दिल्ली से मुरादाबाद हाईवे लेन पर कांवड़िये चलेंगे। जबकि मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन पर यातायात रहेगा। इसी लेन पर दोनों तरफ के वाहन चलते रहेंगे। 19 जुलाई की सुबह 8 से 19 अगस्त की शाम 8 बजे तक हाईवे पर भारी व माल वाहक वाहन नहीं चलेंगे। हालांकि रोडवेज बसें, कारें चलती रहेंगी।
इससे पहले प्रशासन ने मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर कांवड़ियों और दिल्ली से मुरादाबाद लेन पर वाहन चलाने का फैसला लिया था। लेकिन, अब इसमें बदलाव किया है। इतना ही नहीं हाईवे पर 19 जुलाई की सुबह 8 से 19 अगस्त की शाम 8 बजे तक बड़े वाहन प्राइवेट बस, डंपर, ट्रक, ट्रैक्टर ट्राली व अन्य मालवाहक वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा चौथे और पांचवें सोमवार को देखते हुए शुक्रवार की सुबह चार बजे से सोमवार की शाम 8 तक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरा जाएगा। जबकि, प्रत्येक सोमवार शनिवार की शाम चार से सोमवार की शाम आठ बजे तक जीप, कार, पिकअप समेत सभी छोटे वाहनों को भी डायवर्ट किया जाएगा।
एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सावन माह की कांवड़ यात्रा 22 जुलाई से 19 अगस्त तक है। शिवरात्रि दो अगस्त को मनाई जाएगी। कांवड़ यात्रा में मुरादाबाद बरेली, रामपुर, संभल, बदायूं और अमरोहा के लाखों श्रद्धालु हरिद्वार व ब्रजघाट से कांवड़ में जल लेकर गंतव्य को लौटते हैं। पूरे एक महीने चलने वाली कांवड़ यात्रा में शिव भक्तों को किसी तरह की दिक्कत न हो रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
-
इन रास्तों से गुजारे जाएंगे भारी वाहन
- रामपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद से डायवर्ट कर बिलारी, मुरादाबाद चंदौसी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
- मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जनपद मुरादाबाद से बाया संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर, सिकंदरा होते हुए गाजियाबाद, दिल्ली को गुजारा जाएगा।
- चांदपुर से गजरौला होते हुए दिल्ली जाने वाले भारी- हल्के वाहनों को जनपद बिजनौर के जलीलपुर से डायवर्ट कर गंगा पुल से होते हुए हस्तिनापुर, मवाना, मेरठ, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- नूरपुर, शिवाला कलां, फीना से अमरोहा की ओर आने वाले भारी वाहनों को नौगांवा सादात, अमरोहा की तरफ नहीं भेजा जाए।
- संभल से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को बहजोई, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा। कोई भी मालवाहक वाहन गवां की तरफ से हसनपुर नहीं आने दिया जाएगा।
- अमरोहा से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी हल्के वाहनों को शिवाला कलां, नूरपुर, बिजनौर, मेरठ, मवाना, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- गजरौला चौपला से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गजरौला, हसनपुर, रहरा, गवां, अनुपशहर से बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
- धनौरा से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को चांदपुर, बिजनौर, मवाना, मेरठ होकर दिल्ली भेजा जाएगा।
- हसनपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को संभल, बहजोई, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- मेरठ से बरेली की ओर जाने वाले हल्के भारी वाहनों को बिजनौर, धामपुर- स्योहारा, कांठ, मुरादाबाद होते हुए बरेली की ओर भेजा जाएगा।
- हापुड़ व मेरठ से गढ़ के मध्य से रामपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गढ़ चौपला से डायवर्ट कर बुलंदशहर, डिबाई, नरौरा, बबराला, बहजोई, चंदौसी, बिलारी शाहबाद होते हुए रामपुर की ओर भेजा जाएगा ।
-
छोटे वाहनों के लिए
- पहला सोमवार 22 जुलाई को: डायवर्जन 20 जुलाई की शाम 4 बजे से 22 जुलाई की रात 8 बजे तक
- दूसरा सोमवार 29 जुलाई को: डायवर्जन प्लान 27 जुलाई की शाम 4 बजे से 29 जुलाई की रात 8 बजे तक
- महाशिवरात्रि दो अगस्त को: डायवर्जन 31 जुलाई की दोपहर चार बजे से 3 अगस्त की रात 8 बजे तक
- तीसरा सोमवार 5 अगस्त को: डायवर्जन 3 अगस्त की दोपहर चार बजे से 5 अगस्त की रात 8 बजे तक
- चौथा सोमवार 12 अगस्त को: डायवर्जन 10 अगस्त की दोपहर चार बजे से 12 अगस्त रात 8 बजे तक
- पांचवां सोमवार 19 अगस्त को: डायवर्जन 17 अगस्त की दोपहर चार बजे से 19 अगस्त की रात 8 बजे तक
-
बड़े वाहनों के लिए
चौथा सोमवार 12 अगस्त को: डायवर्जन 9 अगस्त की सुबह आठ बजे से 12 अगस्त की शाम 8 बजे तक
पांचवां सोमवार 19 अगस्त को: डायवर्जन 16 अगस्त की सुबह 8 बजे से 19 अगस्त की शाम 8 बजे तक