बुधवार को पितृ अमावस्या है। इसे लेकर हाईवे पर मंगलवार रात 11 बजे से रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया गया। ब्रजघाट और तिगरी धाम में आधी रात से ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना के चलते भारी वाहनों ट्रक, डंपर, ट्रैक्टर ट्राली, डीसीएम, कैंटर की हाईवे पर पाबंदी लगा दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि सुबह या दोपहर में जाम की स्थिति बनती है तो कार और अन्य छोटे वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। पितृ अमावस्या के मौके पर लाखों श्रद्धालु ब्रजघाट और तिगरी धाम पर गंगा में स्नान करेंगे। ऐसे में हाईवे पर जाम की स्थिति बन सकती है। जिसे देखते हुए पूर्व ही प्रशासन की ओर से रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया। इसे मंगलवार रात 11 बजे बाद लागू कर दिया गया। हाईवे पर पिकअप, छोटा हाथी, मिनी कैंटर और अन्य छोटे वाहन भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। हालांकि, कार व रोडवेज बस के अलावा अन्य यात्री वाहनों का संचालन बंद नहीं किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रूट डायवर्जन मंगलवार रात 11 बजे के बाद लागू कर दिया गया है। मंगलवार शाम तक स्थिति सामान्य रही। जिसके चलते डायवर्जन लागू करने की जरूरत नहीं पड़ी। बताया कि देर रात वाहनों की आवाजाही बढ़ने के बाद डायवर्जन प्लान को लागू कर दिया गया। यदि बुधवार सुबह हाईवे पर अतिरिक्त वाहन बढ़ने के बाद जाम की स्थिति बनी तो छोटे वाहन जैसे कार व रोडवेज बसों को संचालन बंद करते हुए उन्हें भी वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा।