अमरोहा। भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीमारियां बढ़ रहीं हैं। तपिश ने लोगों को बेहाल कर दिया है। गर्म हवा के थपेड़ों ने चेहरे की रंगत उड़ा दी है। दोपहर में काम -काज के सिलसिले में घरों से निकलने वाले लोग सड़कों पर बेहाल दिखे। वहीं बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी के कारण बुखार और डायरिया के मरीज बढ़ गए हैं। स्थिति ये है कि जिला अस्पताल के जनरल वार्ड में 10 बुखार और 17 मरीज डायरिया के भर्ती किए गए। जिस कारण वार्ड फुल हो गए।
दिन में तेज धूप और लू के कारण लोगों की सेहत खराब हो रही है। गर्मी अधिक बढ़ने से लोग बीमार हो रहे हैं। उमस भरी गर्मी के चलते जिला अस्पताल में उल्टी व दस्त के मरीजों की संख्या तीन गुनी हो गई है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखकर चिकित्सकों की परेशानी बढ़ गई है। अस्पताल स्टाफ अलग से वार्ड और बेड तैयार करने में लग गया है। बुधवार को जिला अस्पताल 1120 मरीजों की ओपीडी हुई। जिसमें 41 लोग बुखार और डायरिया के मिले। इसमें 6 मरीज डायरिया के वार्ड में भर्ती किए गए। इसके अलावा वार्डों में बच्चों समेत 11 मरीज पुराने भर्ती पाए गए। सभी उल्टी व दस्त से पीड़ित हैं।