सैदनगली क्षेत्र के गांव बेगपुर शर्की में फाइनेंस के रुपयों को लेकर दो पक्षों में कहासुनी होने के बाद विवाद हो गया। जमकर लाठी-डंडों चले। पथराव भी हुआ। पुलिस ने मामला शांत कराया। मारपीट में आठ लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया है। पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।
गांव का ही एक युवक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता है। युवक ने गांव के ही कुछ लोगों ने जमीन पर ऋण दिलाया था। आरोप है कि ऋण लेकर जमीन को बेच दिया गया। युवक ने ऋण की रकम लौटाने के लिए कहा तो विवाद हो गया। जमकर लाठी-डंडे चले। पथराव हुआ। लाठी-डंडों से मारपीट के साथ सरिया से भी हमला किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची। पुलिस ने मामला शांत कराया। मारपीट में एक पक्ष से डालचंद पुत्र बिहारी सिंह, दयाराम पुत्र कन्हैया, सुंदर सिंह पुत्र उदल घायल हो गए।
जबकि, दूसरे पक्ष से जसपाल पुत्र मोतीराम, इंद्रावती पत्नी सरदार सिंह, हरकली पत्नी मोतीराम, ज्ञानवती पत्नी जसपाल व रितेश पुत्र जसपाल घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसनपुर लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार किया गया। दो घायलों को रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष पालिकाध्यक्ष राजपाल सैनी व विधायक पुत्र देवेंद्र खड़गवंशी ने सीएचसी पहुंचकर घटना की जानकारी की। पुलिस से मामले में कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहा। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।