मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत नगर पालिका क्षेत्र में विकास का खांका खींचा जाएगा। हाल ही में शासन स्तर से विकास कार्याें से संबंधित प्रस्ताव मांगे गए। नगरोदय योजना के तहत पालिका क्षेत्र में भवनों के निर्माण, पुस्तकालय, सामुदायिक भवन आदि का निर्माण कराए जाने वाले कार्य शामिल हैं। ईओ डॉ. बृजेश सिंह ने बताया कि योजना के तहत शहर को विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। बताया कि नगर में डिजिटल लाइब्रेरी, ओपन जिम, बरातघर, उपवन का निर्माण समेत छह कार्याें के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे गए हैं। 50 करोड़ रुपयों में यह कार्य कराए जाएंगे। शासन से जल्द ही प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है। जिसके बाद इन प्रस्तावों पर कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।
जटीवन में बनेगा उपवन
ईओ ने बताया कि अमरोहा में 13 बीघा क्षेत्र में जटीवन है। जिसमें पालिका की ओर से उपवन तैयार किया जाएगा। इसमें पार्क, आगंतुक पथ, विभिन्न प्रकार पौधे लगाए जाएंगे। यह उद्देश्य लोगों का नया अनुभव कराना है। उपवन के माध्यम से लोगों को अमरोहा में अलग तरह का माहौल मिल सकेगा। इसमें 50 लाख से अधिक खर्च करने का प्रस्ताव रखा गया है।
डिजिटल लाइब्रेरी और ओपन जिम भी होगा तैयार
पालिका क्षेत्र के युवाओं के लिए नई पहल की जाने की तैयारी है। ईओ ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी के लिए जेएस कॉलेज को चुना गया है। यहां जगह उपलब्ध है। यहां डिजिटल लाइब्रेरी बनने से युवाओं को खासा लाभ मिलेगा। वहीं, ओपन जिम के लिए आवास विकास में बने पार्क को चिह्नित किया गया है। विभिन्न तरह के इक्यूपमेंट ओपन जिम में रहेंगे। जिससे युवाओं के अलावा अन्य वर्ग के लोगों को जिम करने का मौका मिल सकेगा।
गोशाला का होगा निर्माण तो श्मशान का जीर्णोद्धार
वैसे तो नगर में कान्हा गोशाला बनी हुई है, लेकिन छुट्टा पशुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए गोशाला का निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव तैयार हुआ है। यह गोशाला अमरोहा के बाहरी छोर में बनेगी। इसमें सौ से अधिक पशुओं को संरक्षण दिया जाएगा। वहीं, रेलवे लाइन पार स्थित श्मशान घाट को भी विस्तार किया जाएगा। यहां चाहरदीवारी, पौधरोपण के अलावा भवन भी तैयार होगा।
खेलों को भी बढ़ावा देने की होगी पहल
शासन को भेजे गए प्रस्तावों में खेल मैदान के विस्तार व खेलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। ईओ ने बताया कि नगरपालिका स्तर से मीरासराय में स्थित खेल मैदान का विस्तार होने के साथ-साथ अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, मिनी स्टेडियम को भी पालिका की ओर से सुविधाएं देने का प्रस्ताव रखा गया है।