अमरोहा। बार-बार भुगतान की कार्य योजना देने के बाद भी वेव शुगर मिल धनौरा ने किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहींं किया। डीसीओ ने दो बार मिल अधिकारियों को तलब कर शीघ्र भुगतान करने के निर्देश दिए थे। लेकिन इसके बाद भी भुगतान नहीं किया गया। अब शुगर मिल को भुगतान के लिए अंतिम नोटिस जारी किया गया है।
मंडी धनौरा का वेव शुगर मिल जिले में गन्ने की खरीद के मामले में भले ही अव्वल रहा हो, लेकिन किसानों को गन्ने का भुगतान करने के मामले में यह मिल सबसे फिसड्डी साबित हो रही है। पेराई सत्र के करीब तीन माह से अधिक बीतने के बाद भी किसानों को उनकी मेहनत की कमाई नहीं मिल सकी है। गन्ना विभाग के मुताबिक शुगर मिल ने किसानों से 520.81 करोड़ रुपये के गन्ने क खरीद की थी। जिसका 457.57 करोड़ रुपये का भुगतान ही किया जा सका है। 63.29 करोड़ रुपये का भुगतान शुगर मिल पर किसानों का अभी भी बकाया है।
जून माह में डीसीओ मनोज कुमार द्वारा शुगर मिल अधिकारियों को तलब कर भुगतान करने के लिए पंद्रह दिन का समय दिया गया था। शुगर मिल अधिकारियों द्वारा भी तीस जून तक भुगतान पूरा करने की कार्ययोजना दी गई थी। लेकिन इसके बाद भी शुगर मिल भुगतान को गति नहीं दे सका है।
डीसीओ मनोज कुमार ने बताया कि किसानों को गन्ने का भुगतान समय पर दिलाए जाने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने बताया कि शुगर मिल को तय समय में भुगतान न करने पर अंतिम नोटिस जारी किया गया है। कहा कि अगर शीघ्र भुगतान न किया तो मिल प्रबंधन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
-