क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 12879748 रुपयों से विकास कार्य कराए जाएंगे। गांवों में सबसे अहम जल भराव की समस्या से निजात दिलाने को नाला और नाली बनाई जाएंगी। पेयजल आपूर्ति के लिए हैंडपंप लगाए जाने के साथ ही पथ प्रकाश के लिए लाइट लगाई जाएंगी। बड़ी ग्राम पंचायतों में धनराशि ज्यादा भेजी गई है।
गजरौला ब्लाक में 84 ग्राम पंचायत हैं और इनके मझरों को मिला कर कुल 139 राजस्व गांव हैं। गांवों में सबसे मुख्य और ज्वलंत समस्या जल भराव की है। कई गांव तो ऐसे हैं, जिनमें तालाब होने के बावजूद उन तक नाला और नाली नहीं बनाई गई हैं। जल निकासी के सही इंतजाम नहीं हैं। इस कारण घरों का निस्तारित पानी सड़कों पर भरा रहता है। जिसके कारण क्षेत्र के कई गांवों की सड़कें और मुख्य मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गए। ब्लाक क्षेत्र के गांव कर्मल्लीपुर, खाईखेड़ा,चौबारा, सुल्तानपुरमोहम्मदपुर के चौराहा पर रास्ते में एक-एक फिट पानी भरने के कारण लोगों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
ब्लाक के ग्रामीण अंचलों में विकास कार्य कराए जाने के लिए पंद्रह वे वित्त से एक करोड़ 28 लाख उनासी हजार 748 रुपये गजरौला ब्लाक को मिले हैं। एडीओ पंचायत नरेंद्र कुमार ने बताया कि पंद्रह वे वित्त की धनराशि से सबसे पहले गांवों को जल भराव से निजात दिलाने के लिए जल निकासी का इंतजाम कराया जाएगा। जिन गांवों में तालाब हैं, लेकिन तालाब तक पानी जाने के लिए नाला और नालियां नहीं हैं, वहां नाले और नालियां बनाई जाएंगी। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति के लिए हैंडपंप लगाए जाएंगे। पथ प्रकाश के लिए लाइट लगाई जाएंगी। आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क निर्माण के साथ ही पंद्रह वे वित्त की धनराशि सफाई पर भी खर्च की जाएगी। एडीओ पंचायत ने बताया कि बड़ी ग्राम पंचायत को धनराशि अधिक भेजी गई है।