किसान समस्याओं को लेकर भाकियू लोकशक्ति पार्टी के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित दस सूत्रीय ज्ञापन डीएम को सौंपा। जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को संगठन के प्रदेश महासचिव डॉ सुमित कुमार नागर के नेतृत्व में तमाम पदाधिकारी कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। मांग करते हुए कहा कि घरेलू गैस पर बढ़ती कीमतों पर सरकार को विचार करना चाहिए। आवारा पशुओं से किसानों को छुटकारा दिया जाए। जिससे किसानों की फसल बर्बाद न हो सके। खाद-बीज व कीटनाशक दवाइयों पर कंपनियां रेट बढ़ा रही है। उन कंपनियों पर कार्रवाई की जाए और दवाइयों के रेट कम किए जाएं। पशुओं में बीमारी फैल रही है। सभी पशुओं का टीकाकरण कराया जाए।
गोशाला में पशुओं की रोजाना जांच की जाए। गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए और चीनी मिल चालू होने से पहले मूल्य घोषित किया जाए। बिजली विभाग द्वारा की जा रही मूल्य वृद्धि और चेकिंग के नाम पर पब्लिक को परेशान किया जा रहा है। उसे रोका जाए। पीएम किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को धरातल पर लागू किया जाए। जिससे सभी किसानों को इसका लाभ मिल सके। नौगांवा सादात तहसील क्षेत्र में नए ब्लाक की स्थापना कराई जाए। इस दौरान खचेड़ू सिंह चौहान, अशोक कुमार, हरपाल सिंह, जय सिंह, ताराचंद, नन्हे सिंह आदि किसान मौजूद रहे।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के राष्ट्रीय महासचिव उम्मेद सिंह ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि खेती की बढ़ती लागत को ध्यान में रखते हुए आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ने का समर्थन मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंतल घोषित किया जाए। उन्होंने जनपद को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने की मांग भी की। भाकियू की ब्लाक कार्यकारिणी का गठन भी किया गया।
वह क्षेत्र के गांव हिरनाखेड़ी में आयोजित एक बैठक में विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर भाकियू नेता ने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है लेकिन सरकार मिल मालिकों के दबाव में किसानों की जायज मांगों को नहीं मान रही है। उन्होंने आगामी पेराई सत्र में गन्ने का समर्थन मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंतल व जनपद को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने की मांग की। बैठक में बीते पेराई सत्र का सम्पूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान नए पेराई सत्र से पहले कराए जाने की मांग भी की गई। बैठक में निरंजन सिंह को ब्लाक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस मौके पर बिजेंद्र शर्मा, गजेंद सिंह, गुरवचन सिंह, बोबी चाहल, सतेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।