अमरोहा। पश्चिम उत्तर प्रदेश में लखनऊ की भांति उच्च न्यायालय इलाहाबाद की बेंच की मांग को लेकर अधिवक्ता कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन व सदर तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौंपा। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
अधिवक्ता कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी अध्यक्ष अनोज कुमार यादव के नेतृत्व में एकत्र होकर डीएम राजेश कुमार त्यागी से मिले। ज्ञापन देते हुए कहा कि उनकी मांग है कि जल्द ही हाईकोर्ट की बेंच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्थापित की जाए। जिससे जनता को सस्ता व सुलभ न्याय मिल सके। इस दौरान मोहम्मद अरशद, अशोक कुमार, भूपेंद्र सिंह आर्य, राजेश कुमार राणा, दिनेश वर्मा आदि मौजूद रहे। वहीं, सदर तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार भटनागर के नेतृत्व में बैठक तहसील परिसर में आयोजित हुई। हाईकोर्ट बेंच स्थापना केन्द्रीय संघर्ष समिति पश्चिमी उत्तर प्रदेश मेरठ के आह्वान पर न्यायिक कार्य से विरत रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रतिभा सिंह को सौंपा। इस दौरान शकील अहमद, हबीब अहमद, पुष्कर लाल गुप्ता, हुकुम सिंह चौहान, हरज्ञान सिंह, टीकाराम, फुरकान अहमद, सतेंद्र पाल सिंह आदि मौजूद रहे।