गजरौला (अमरोहा)। थाना क्षेत्र के गांव कांकाठेर में अपंजीकृत चिकित्सक के उपचार से बुखार पीड़ित पांच माह के मासूम की मौत हो गई। भड़के परिजनों ने वहां जमकर हंगामा किया। बाद में बगैर कार्रवाई के शव को लेकर लौट गए। थाना क्षेत्र के ही गांव ख्यालीपुर निवासी एक ग्रामीण के पांच माह का पुत्र शनिवार को अचानक ही बुखार की चपेट में आ गया था। परिजन उसे कांकाठेर में एक अपंजीकृत चिकित्सक के पास ले गए। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए वहां जमकर हंगामा किया। इस दौरान वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। हालांकि बाद में लोगों के समझाने पर वे शांत होकर लौट गए। देर शाम ब्रजघाट चौकी इंचार्ज एसआई पवन पाठक ने बताया कि चौकी पर कोई तहरीर नहीं दी गई है। वहीं एसीएमओ डा. सुरेंद्र कुमार ने घटना संज्ञान में नहीं होने की बात कही।