अमरोहा। मई माह का दूसरा सप्ताह चल रहा है और गर्मी अपना तेवर दिखा रही है। गर्मी से लेागों की सेहत भी बिगड़ रही है। दूसरे शनिवार और रविवार का अवकाश होने के बाद सोमवार को जिला अस्पताल खुलते ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। 1720 लोगों की ओपीडी हुई। बता दें कि इन दिनों डायरिया व बुखार के मरीजों की संख्या में खासा इजाफा हो रहा है।
जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजाें की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। मरीजों को भीड़ में इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा। पहले पर्चा बनवाने के लिए लंबी लाइन में मरीजों को खड़ा रहना पड़ा। सीएमएस डॉ. प्रेमापंत त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार को मरीजों की भीड़ रही। जिसके चलते 1720 लोगों की ओपीडी हुई। जिसमें 142 लोग बुखार डेस्क से संबंधित थे। बुखार से पीड़ित लोगों को दवाई देकर भेज दिया गया। जबकि, 11 मरीज उल्टी दस्त के थे। उन्हें भी दवाई दी गई। जबकि, सोमवार को जिला अस्पताल के वार्ड में बुखार और डायरिया के 17 मरीज भर्ती रहे। इसके अलावा अन्य बीमारी से संबंधित 11 मरीजों को रेफर किया गया। 25 लोगों का सीटी स्कैन तो 155 लोगों के एक्स रे किए गए। बताया कि गर्मी के मौसम में लोग बुखार और डायरिया से अधिक पीड़ित हो रहे हैं। इससे बचाव के लिए खुद को सुरक्षित रखने की जरूरत है।