थाना क्षेत्र में देरशाम सुनपुरा-टोकरा पट्टी रोड पर हुई राहगीरों से दो लूट वारदातों को अंजाम देने वाले दो बदमाश पुलिस ने दबोच लिए। पुलिस के मुताबिक दोनों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। लेकिन दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के सुनपुरा व टोकरा पट्टी रोड पर चार दिन पहले गांव गंगापुरी के साइकिल सवार राजेंद्र से मारपीट कर बदमाशों ने पांच सौ रूपए लूटे थे। इसके बाद यहीं पर पखरौला गांव के मुनव्वर से भी नकदी लूटी गई थी। इसके अलावा दो वारदातों को और अंजाम दिया गया था। पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी हुई थी। चकनवाला के पास से दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। फिर उन्हें लूट के पीड़ित मुनव्वर को दिखाया तो मुनव्वर ने बदमाश को पहचान लिया। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने वारादात को अंजाम देेने की बात कुबूल की। थानाध्यक्ष अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव आजमपुर निवासी सरफराज व शमीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।