जोया में पुलिस टीम को बंधक बनाने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि सैदनगली में चालक ने दरोगा और सिपाही पर गाड़ी चढ़ाने का दुस्साहस कर दिया। कस्बे के पाकबड़ा बस स्टैंड पर वाहन चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर टाटा 407 के चालक ने गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान चेकिंग कर रहे पुलिस कर्मियों में भगदड़ मच गई। वहीं गाड़ी लेकर भाग रहे चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चालक के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है।
शनिवार को सैदनगली थाने पर तैनात दरोगा धर्मपाल सिंह और विपिन कुमार सिपाही रवि चौधरी के साथ पाकबड़ा बस स्टैंड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान हसनपुर की और से आ रही तेज रफ्तार टाटा 407 को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने दरोगा विपिन कुमार व सिपाही रवि चौधरी पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश कर दी। दरोगा और सिपाही ने किसी तरह इधर-उधर कूदकर अपनी जान बचाई। दोनों पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। इस दौरान पुलिस ने गाड़ी चालक को पकड़ लिया। तालाशी के दौरान चालक पर तमंचा और दो कारतूस बरामद हुआ। थानाध्यक्ष वीरेश कुमार ने बताया कि बिलारी के गांव नंगला निवासी भानू को गिरफ्तार कर लिया है। चालक बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। उसकी गाड़ी के कागज न होने के कारण सीज कर दिया गया है।