फार्चूनर के टकराने से क्षतिग्रस्त हाईवे पर खड़ी पुलिस जीप
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली से ऊधम सिंह नगर जा रहे नशे में धुत फार्चूनर कार चालक ने दिल्ली-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार की देर रात जमकर ऊधम काटा। नशेड़ी ड्राइवर ने पुलिस का नाका उड़ा दिया और पुलिस जीप में टक्कर मारकर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। यही नहीं, बेलगाम फार्च्यूनर चालक के वाहन को तेजी से आता देख जोया में हाईवे पर तैनात पुलिस कर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद फाच्यूनर पलट गई। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल चालक का मेडिकल कराकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया है।
पुलिस के मुताबिक देर रात जोया-कोतवाली डिडौली क्षेत्र के जिवाई चौकी के आगे लगी बैरीकेडिंग को दिल्ली की दिशा से आ रहा फॉर्चूनर चालक ने तोड़ दिया उसके बाद कार में टक्कर मारी किसी तरह सिपाहियों ने भाग कर अपनी जान बचाई फॉच्यूनर चालक को पकड़कर पुलिस थाने ले आई है। चालक जसराम पुत्र नरेंद्र निवासी जगतपुर थाना रुद्रपुर उत्तराखंड दिल्ली से आ रहा था। बताया गया कि वह रुद्रपुर जा रहा था। सबसे पहले तो उसने सरकारी जीप तोड़ी। एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त और बाद में एक एक्सपोर्ट फर्म की दीवार से टकराकर पलट गई। जिवाई चौकी प्रभारी नीरज कुमार, दरोगा सोमपाल, सिपाही वीरेंद्र, सिपाही तारिक ने भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस वालों ने बताया कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। गनीमत ये रही कि इससे किसी व्यक्ति को जानी नुकसान नहीं पहुंचा।