स्वयं सहायता समूह का एक और सदस्य लूट का शिकार हो गया। समूह के सदस्यों से रुपये लेकर लौट रहे एजेंट से बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचों के बल पर 95 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने एजेंट के सिर में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर थाना धनौरा व बछरायूं की फोर्स मौके पर पहुंच गई। बदमाशों की तलाश की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं लगा। घटनास्थल थाना बछरायूं का बताया जा रहा है। इससे पहले जून माह में भी एक एजेंट से 50 हजार रुपये लूट लिए गए थे।
जनपद बुलंदशहर के थाना नरसेना के गांव कपसाई निवासी दिनेश स्वयं सहायता समूह में काम करता है। बुधवार को वह बाइक से थाना बछरायूं क्षेत्र के गांव लिसड़ी खुर्द व मुर्गुपुर से समूह की सदस्यों से मासिक किस्त लेकर लौट रहा था। ग्राम तोमड़ा व शाहबाजपुर के निकट पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिनेश को रोक लिया और तमंचे दिखाकर उसका बैग लूट लिया। विरोध करने पर उसके सिर पर तमंचे की बट मार दी। वह घायल होकर नीचे गिर गया। लूट के बाद बदमाश फरार हो गए। दिनेश ने 100 नंबर को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना धनौरा व बछरायूं की फोर्स मौके पर पहुंच गई। बदमाशों की तलाश की गई लेकिन कोई हाथ नहीं आया। पुलिस एजेंट से पूछताछ कर रही है। थाना बछरायूं में घटना स्थल पर कारण यहां लूट की रिपोर्ट दर्ज की है।