अमरोहा। देहात थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय ई रिक्शा लूट गरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच लुटेरों को गिरफ्तार किया है। सभी लुटेरे ई रिक्शा की बुकिंग कर जहरखुरानी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने कब्जे से नौ ई रिक्शा और एक वैगनआर कार बरामद की है। सभी पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। वहीं पुलिस गिरोह का सरगना दिल्ली के शिवम ठाकुर उर्फ गोपेश राणा की सुरागकशी में लगी है।
सोमवार को पुलिस ऑफिस में एसपी डा. विपिन ताडा ने वारदातों को खुलासा किया। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। रविवार की रात एएसपी बृजेश सिंह व सीओ सिटी जितेंद्र सिंह के निर्देशन में अमरोहा देहात थाना प्रभारी किरनपाल सिंह, एसआई प्रमोद कुमार, सुनील कुमार, कांस्टेबल गिरीश बाबू, रामकुमार, आशीष कुमार, मंदीप कुमार और सौरभ कुमार अतरासी मोड़ नौगांवा बाईपास पर चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्होंने दिल्ली के ब्रह्मपुरी उस्मानपुर निवासी रोहित उर्फ लल्ला, अमन कुमार और दिल्ली के शिवगली ब्रह्मपुरी गोंडी उस्मानपुर निवासी नितिन उर्फ विवेक शर्मा, गजरौला के मोहरका पट्टी निवासी अलाउद्दीन और बछरायूं के नसीर को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूटी तीन ई रिक्शा और एक वैगनआर कार, तीन तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। जबकि इनकी निशान देई पर बंबूगढ़-संभल बाईपास रोड पर खंडहरनुमा मकान से अन्य छह ई रिक्शा और बरामद किए गए। एसपी के मुताबिक यह गिरोह दिल्ली, एनसीआर और पश्चिमी यूपी में फैला हुआ है। जो विभिन्न क्षेत्रों में ई रिक्शा बुकिंग करने के चालकों को जहरखुरानी का शिकार बनाते हैं। गिरोह का मुखिया दिल्ली निवासी शिवम ठाकुर उर्फ गोपेश राणा है। जो चालकों को नशा देेकर ई रिक्शा लूटकर लाता है। अन्य साथी नसरू उर्फ नसउद्दीन के माध्यम से फर्जी कागज तैयार कर ई रिक्शा को आस-पास के क्षेत्र में बेच देते हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह के सरगना समेत शिवम ठाकुर उर्फ गोपेश राणा समेत अन्य साथियों को तलाश कर रही है।