हसनपुर (अमरोहा)। कोतवाली क्षेत्र के गांव फतेहपुर वाटीपुरा के जंगल में शुक्रवार शाम को वन रक्षक एवं वन दरोगा पर हमला करने एवं वर्दी फाड़ने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को जेल भेजा है। शुक्रवार की शाम को को वनरक्षक राजवीर सिंह व वन दरोगा इंतजार अब्बास कोतवाली क्षेत्र के गांव फतेहपुर वाटीपुरा के जंगल में गश्त कर रहे थे। इस दौरान वन विभाग की भूमि पर गांव के कुछ लोगों ने मकान एवं फसल लगा रखी है। बताते हैं कि दोनों वन अफसर अवैध कब्जेदारों से चेतावनी देकर कब्जा छोड़ने की बात कह रहे थे। इस दौरान अवैध कब्जाधारियों वन अफसरों पर हमला कर दिया था। धक्कामुक्की के बीच वनरक्षक राजवीर की वर्दी फट गई थी। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ था। शुक्रवार देरशाम पीड़ित वन रक्षक ने कोतवाली में तहरीर दी थी। प्रभारी निरीक्षक संजय प्रताप सिंह ने बताया कि वन रक्षक की तहरीर पर बुद्घन पुत्र गुलाब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।