गजरौला। जिला संभल के युवक की गजरौला में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चौपला चौकी के निकट बेंच पर युवक का शव मिला। परिजनों ने किसी भी तरह की कार्रवाई से इंकार कर दिया और शव को अपने साथ ले गए।
गजरौला में चौपला चौराहे पर शिवालिक फैक्टरी के सामने नगर पालिका ने यात्रियों के बैठने के लिए बेंच बनाई हुई है। बुधवार की रात करीब 11 बजे कुछ लोगों ने युवक को अचेत हालत में बेंच पर लेटे देखा, तो उसकी सूचना चौपला चौकी पुलिस को दी। पुलिस उसे आनन फानन में अस्पताल ले गई, वहां से मृत घोषित कर दिया। युवक के पास एक थैला मिला। थैले में फोल्डिंग की बुनाई वाली पट्टी, पेंच, हथौड़ी व एक डायरी मिली। डायरी में लिखे पते व मोबाइल नंबर के आधार पर युवक की शिनाख्त जिला संभल के थाना असमौली क्षेत्र के गांव सैदपुर निवासी अरुण कुमार (35) के रूप में हुई। मृतक अरुण कुमार कुछ समय से हापुड़ जिले के थाना सिंभावली के चौपला कुचेश्वर में परिवार के साथ रह रहा था। मौत की सूचना पर परिजन गजरौला पहुंच गए। मृतक की पत्नी और भाई ने बताया कि वह मजदूरी करता था। उन्होंने किसी भी तरह की कार्रवाई से इंकार कर दिया और शव को अपने साथ ले गए। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।