हसनपुर (अमरोहा)। कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखूपुर झकड़ी में शनिवार सुबह ट्रांसफार्मर पर हवा में झूलता हुआ हाईटेंशन लाइन का तार एलटी लाइन पर गिर गया। इससे घरों में हाईटेंशन करंट दौड़ गया। इस वजह से अलग-अलग घरों में मोबाइल चार्जिंग पर लगाते हुए या बोर्ड में स्विच ऑफ करते हुए छह लोग झुलस गए। बीस वर्षीय युवक की मौत हो गई। लापरवाही के मामले में बिजली कर्मियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बताते हैं गांव झकड़ी में ट्रांसफार्मर पर तार ढीला होने की वजह से गांव के एक मोहल्ले में जा रही लाइन में बिजली सुचारु रूप से नहीं चल पा रही थी। शनिवार सुबह करीब छह बजे ट्रांसफार्मर पर फाल्ट होने के बाद हाईटेंशन लाइन का तार हवा में झूलता हुआ एलटी लाइन से छू गया। इसके बाद घरों में हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया। दर्जनभर से अधिक घरों में विद्युत उपकरण फुंक गए। करीब दर्जनभर घरों में सबमर्सिबल फुंक गए। जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। इस दौरान घरों में करंट की चपेट में आने से आधा दर्जन लोग झुलस गए। जबकि मोबाइल चार्जिंग पर लगाते समय बीस वर्षीय कपिल पुत्र कृपाल सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। जबकि कक्षा आठ का छात्र अंकुल, महिला रतिया, विशेष, अनु, महिला कपोती झुलस गए। झुलसे लोगों का गांव में निजी चिकित्सक से उपचार कराया गया है। नाराज लोगों ने बिजली कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा भी किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मामले में तहरीर के आधार पर लापरवाही के आरोप में अज्ञात बिजली कर्मियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
किताबों की दुकान चलाता था कपिल
हसनपुर। कपिल दो भाइयों में बड़ा था। कपिल ने हसनपुर में अतरासी अड्डे पर किताबों की दुकान खोल रखी है। कपिल की मौत से छोटे भाई ललित व बहन नितेश का रोरोकर बुराहाल है। विधायक महेंद्र सिंह खडगवंशी ने गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। सरकार से हर संभव मदद का भरोसा दिया।
बिजली कर्मियों की लापरवाही से आए दिन गांवों में हो रहे हादसे
हसनपुर। बिजली कर्मियों की लापरवाही से आए दिन गांवों में हादसे हो रहे हैं। तार में फाल्ट होने पर बिजली कर्मी सूचना मिलने के बाद भी फाल्ट जोड़ने नहीं आते। लोगों का कहना है कि फाल्ट जोड़ने के नाम पर लाइनमैन रुपये ले लेते हैं। न देने पर फाल्ट जोड़ने में लापरवाही करते हैं। गांव में आए दिन ट्रांसफार्मर पर लोग डंडा लेकर तार जोड़ने को खड़े देखे जाते हैं। एसडीओ देवेश कुमार का कहना है कि जहां भी सूचना फाल्ट की होती है। वहां लाइनमैन जाकर तुरंत फाल्ट सही करता है।
----------------------
वर्जन
- गांव झकड़ी में करंट से हुई युवक की मौत के मामले में परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर लापरवाही के मामले में अज्ञात बिजली कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- संजय प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हसनपुर।