रजबपुर। शादी समारोह में शिरकत कर घर लौट रहे बाइक सवार किसान को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसा घर से मात्र तीन सौ मीटर दूर डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हुआ। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव घंसुरपुर निवासी विपिन (25) पुत्र स्व. विजय सिंह पेशे से किसान था। परिवार में मां रनवीरी और पत्नी पूनम के अलावा दो बेटी और एक बेटा है। विपिन के पिता की सड़क दुर्घटना में छह साल पहले मौत हो गई थी। जबकि छोटे भाई सुमित की हाल ही हार्ट अटैक के मौत हो गई थी। परिजनों के मुताबिक बुधवार की रात विपिन जोया में एक शादी समारोह में गया था। यहां से करीब साढ़े नौ बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। अभी वह घर से मात्र तीन सौ मीटर दूर हाईवे पर सिख इंटर कालेज नारंगपुर के सामने पहुंचा तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में विपिन की मौके पर ही मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही डिडौली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जांच पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गुरुवार की दोपहर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।