गजरौला। मुद्रा लोन दिलाने के नाम पर एक युवक ने 10 से अधिक ग्रामीणों से करीब एक लाख रुपये ठग लिए। छह माह बाद भी लोन स्वीकृत न होने पर पीड़ित आरोपी को पकड़कर थाने ले आए तथा ठगी का आरोप लगाकर पैसे दिलाने की मांग की है।
धनौरा क्षेत्र के गांव नबावपुरा निवासी कोशिंद्र से गजरौला क्षेत्र के गांव निवासी युवक ने होम लोन स्वीकृत कराने के नाम पर 12 हजार रुपये लिए थे। आरोपी ने स्वयं को बैंक एजेंट बताते हुए लोन स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद आरोपी युवक ने गांव नबावपुरा निवासी उषा देवी, सविता, कपिल, वर्षा, देवेंद्र यादव, राकेश यादव, वीरपाल सिंह, जगरोशनी, सर्वेश सहित एक दर्जन लोगों को मुद्रा लोन व होम लोन दिलाने का आश्वासन किया। लोन स्वीकृत कराने के नाम पर दस से 15 हजार रुपये तक वसूल लिए। आरोप है कि लोन के लिए पैसे दिए गए करीब छह माह हो गए। आरोपी लगातार झांसा देता रहा। शुक्रवार को सभी पीड़ित आरोपी के घर पहुंच गए तथा उसे दबोच लिया। पैसे वापस न करने पर उसे पकड़कर थाने ले आए तथा आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में आरोपी से पैसे वापस दिलाने की मांग की है।