अमरोहा। आदमपुर पुलिस ने मधुमक्खी चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के तीन सदस्यों को गिफ्तार कर 54 पेटियां बरामद की हैं। यह सभी आदमपुर और संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र में मधुमक्खी की पेटी चोरी की घटना को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।
शुक्रवार को पुलिस ऑफिस में मधुमक्खी चोर गिरोह का खुलासा करते हुए एसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि करीब चार महीने पहले हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव करनपुर माफी निवासी विजेंद्र सिंह बहादरपुर गांव निवासी अतुल चौहान ने आदमपुर और शीतला सराय गांव के जंगल में मधुमक्खी की पेटियां रखी हुई थी। जहां से अज्ञात चोरों ने 132 मधुमक्खी की पेटी चोरी कर ली गईं। दोनों मधुमक्खी पालकों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। एएसपी ब्रजेश सिंह और सीओ अजय कुमार के निर्देशन में टीम गठित घटना के खुलासे में लगी थी। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार शर्मा ने फोर्स के साथ रहरा-गवां रोड स्थित दढ़ियाल गांव के जंगल में सिकंदराबाद निवासी सत्यपाल, बादाम सिंह और राहुल को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से मधुमक्खी की 54 पेटियां बरामद हुई। एसपी के मुताबिक पकड़े गए आरोपी मधुमक्खी चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य हैं। जो आदमपुर और हयातनगर थाना क्षेत्र से मधुमक्खियों की पेटियां चोरी कर हरियाण के जनपद रेवाड़ी के भालकी मजरा गांव में बेच देते थे। वादियों ने अपनी पेटियों की शिनाख्त की है।