अमरोहा। वेलेंटाइन-डे पर युवती को प्रपोज करने गए मनचले की परिजनों ने पकड़कर धुनाई कर दी। इस दौरान उसके साथी के साथ भी मारपीट की गई। युवती के परिजनों ने आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले में कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
नगर के एक मोहल्ले की कक्षा 12 में पढ़ने वाली छात्रा का दूसरे मोहल्ले का युवक कई दिनों से पीछा कर रहा था। मनचले ने वेलेंटाइन-डे पर प्रपोज करने का मन बनाया था। बुधवार रात बारह बजे मनचला अपने एक दोस्त के साथ प्रेमिका के घर के बाहर पहुंच गया और छात्रा को प्रपोज करने के लिए घर में ताकझांक करने लगा। घर के बाहर खड़े दो युवकों को देखकर परिजन हैरान हो गए। परिजनों ने बाहर निकलकर दोनों मनचलों को पकड़ लिया और जमकर खबर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया प्रभारी निरीक्षक संजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।