अमरोहा की हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में पत्नी ने सास-ससुर को घर से निकाला तो ट्रक चालक पति ने आत्मघाती कदम उठा लिया। युवक ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जहर खाने से पहले उसने एक वीडियो बनाई। जिसमें आत्महत्या के लिए पत्नी और उसके मायके वालों को जिम्मेदार ठहराया। घटना की जानकारी होने पर मृतक के परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के कालाखेड़ा गांव का ये मामला है। गांव निवासी साजिद अली (25) पुत्र अकबर अली ट्रक चालक था। करीब दो वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। शुक्रवार दोपहर साजिद ने अपने घर में खुद की एक वीडियो बनाई। जिसमें कहा कि मैं जहर खाकर आत्महत्या करने जा रहा हूं। इसकी वजह मेरी पत्नी है। पत्नी ने मेरे मां-बाप को घर से निकाल दिया है। मुझे जेल भिजवाने की धमकी देती है। मेरा जीना दुश्वार कर दिया है। पत्नी के मां-बाप, दो बहनें, ताऊ, ताई भी उसकी मदद करते हैं। मैं अपनी जिंदगी से तंग आ चुका हूं और आत्महत्या करने जा रहा हूं।
अगर मैं मर जाऊं तो इसकी जिम्मेदार मेरी पत्नी और उसके मायके वाले होंगे। इसके बाद उसने वीडियो को अपने परिजनों के मोबाइल पर भेज दिया। वीडियो भेजने के बाद उसने जहर खा लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उसे निजी चिकित्सक के यहां ले गए, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। गंभीर हालत में उसे मुरादाबाद ले जाया गया। जहां टीएमयू अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना पर उसके मां-बाप व भाई बिलख पड़े। रात में शव को टीएमयू अस्पताल से गांव लाया गया और घटना की सूचना पुलिस से की गई। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार त्यागी का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
छह भाइयों में छोटा था साजिद
कालाखेड़ा गांव निवासी साजिद छह भाइयों में छोटा था। उसके बड़े भाई आलम ने बताया कि साजिद की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के करीब एक माह बाद ही मां-बाप को भाई की पत्नी ने घर से निकाल दिया था। इसके बाद अन्य भाइयों ने एक अलग कमरा बनाकर मां-बाप को रहने के लिए दिया था। जहां वह रह रहे हैं। साजिद की मौत से मां-बाप रो-रोकर बेहाल हैं।