जोया। दुबई भेजने का झांसा देकर शातिरों ने सात दोस्तों से 10.50 लाख रुपये हड़प लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो कोई कार्रवाई नहीं की। अब मामले में न्यायालय के आदेश पर डिडौली पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी कि एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के कनपुरा गांव में अहरार का परिवार रहता है। उनका बेटा मोहम्मद नदीम पुताई व पेंट करने का काम करता है। उसका आरोप है कि दो साल पहले वह दिल्ली में पेंट का काम करने के लिए गया था। जिस कार्यालय में वह पेंट कर रहा था वह मोहम्मद सिकंदर उर्फ बुनियाद निवासी मोहल्ला पटवारियान कस्बा मंडावर बिजनौर का था। आरोप है कि इस दौरान सिकंदर उर्फ बुनियाद ने दुबई भेजने का लालच देकर बहला फुसला लिया और पासपोर्ट वीजा के लिए मोहम्मद नदीम और उसके छह अन्य साथियों के कागज ले लिए। इस दौरान सिकंदर ने दुबई में 60 हजार रुपये तनख्वाह दिलाने का झांसा दिया था। प्रत्येक व्यक्ति से डेढ़ लाख रुपए वीजा कराने के मांगे थे। जबकि सभी से 80-80 हजार रुपये के हिसाब से 5.60 लाख रुपये एडवांस दे दिए थे। इसके बाद 4.90 लाख रुपये और ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने साठ हजार रुपये सैलरी का लेटर दिखाया और दो दिन बाद दुबई भेजने की बात कही थी। लेकिन बाद में आरोपी बहाने बनाने गले। धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस पर आरोपियों ने शिकायती पत्र वापस लेने के लिए धमकाया। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। लिहाजा पीड़ित नदीम ने न्यायालय की शरण ली। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर मोहम्मद सिकंदर उर्फ बुनियाद, मोहम्मद जीशान, अहमद मोहम्मद, राशिद खान, मोहम्मद अंबर, मोहम्मद हासिम, मोहम्मद वसीम खां के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।