अमरोहा। कारोबारी के बेटे का अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 35 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर करा लिए। अभी दो लाख रुपये की मांग और की जा रही है।
ये मामला नगर कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा है। यहां रहने वाले कारोबारी के बेटे ने सोशल साइट टिंडर पर अपना अकाउंट बना रखा है। लगभग 15 दिन पहले उसके संपर्क में रजनी नाम की युवती आई। दोनों के बीच बातें होने लगीं। युवती ने खुद को दिल्ली निवासी बताया था। युवती ने युवक को झांसे में ले लिया और व्हाट्सएप पर भी बात करने लगी। वीडियो काल भी होने लगी। वीडियो काल के दौरान युवती ने अश्लील वीडियो बना ली। बाद में युवक के व्हाट्सएप नंबर पर स्क्रीन शाट भेज कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
उससे पैसे की मांग की जाने लगी। ढाई लाख रुपये मांगे। पैसे न देने पर स्क्रीन शाट वायरल करने की धमकी दी। डरे सहमे युवक ने 35 हजार रुपये दिल्ली निवासी विनोद नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर भी कर दिए। अब जालसाज पीड़ित से दो लाख रुपये की और मांग कर रहे हैं। युवक ने एसपी आफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल मामले की जांच साइबर सेल कर रही है।