सांथलपुर गोशाला में 61 गोवंशों की मौतों के मामले में चारा आपूर्ति करने वाले 50 हजार रुपये के इनामी ताहिर के साथ ही उसके साझीदार और संरक्षण देने वाले को जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रैक्टर-ट्रिपलर भी बरामद किया है। इस मामले में फरार एक और साझीदार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस ऑफिस में मंगलवार को एसपी आदित्य लांग्हे ने सांथलपुर गोशाला में गोवंशों की मौत के मामले में बताया कि सांथलपुर गांव के बाहरी छोर पर गोशाला का संचालन ग्राम प्रधान रामौतार और ग्राम पंचायत अधिकारी मोहम्मद अनस की देखभाल में चल रहा था। जहां 188 गोवंश रजिस्टर्ड थे। बीते सप्ताह गोशाला में हरा चारा (बाजरा) खाने से 61 गोवंशों की मौत हो गई थी जबकि 100 से अधिक गोवंश बीमार हो गए थे।
इस मामले में खंड विकास अधिकारी गंगेश्वरी रेणु कुमारी ने चारा सप्लाई करने वाले ताहिर और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। बीडीओ का आरोप था कि ताहिर ही अपने साथियों के साथ गोशाला में गायों के लिए चारा लेकर आया था। चारा खाने के बाद अचानक गोवंशों की हालत बिगड़ने लगी और गोवंशों की मौत हो गई।
ताहिर ने अपने साथियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र के तहत दो वर्गों के बीच सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने व लोकशांति भंग करने के उद्देश्य से गोवंशों के चारे में जानबूझकर जहर मिलाकर उनकी हत्या की है।
एसपी ने बताया कि घटना वाले दिन दोपहर करीब दो बजे कर्मचारियों ने ताहिर को गोशाला में बुलाया गया था लेकिन ताहिर मौके से फरार हो गया था। ताहिर का साझीदार कमल निवासी सिमथला भी शामिल था। दोनों आरोपियों को पथरा गांव निवासी रघुनंदन ने पुलिस से छिपाने के लिए संरक्षण दिया था। मुख्य आरोपी ताहिर की गिरफ्तारी पर डीआईजी शलभ माथुर ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सोमवार शाम पुलिस ने ताहिर को गिरफ्तार कर लिया। देर रात कई ठिकानों पर छापा मारकर उसके साझीदार कमल और संरक्षण देने वाले रघुनंदन को भी पकड़ लिया।
एसपी ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। ताहिर का दूसरा साझीदार व कमल के भाई की गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। मामले में इससे पहले ग्राम प्रधान और वीडीओ समेत नौ लोगों को जेल भेजा जा चुका है।
ताहिर को गिरफ्तार करने वाली टीम के सदस्य
मुख्य आरोपी ताहिर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में आदमपुर थानाध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा, एसओजी प्रभारी बिजेंद्र मलिक, सर्विलांस प्रभारी संजय कुमार, दरोगा सत्यपाल दीक्षित, संदीप बालियान, सिपाही पारस मलिक, अनुज कुमार, सत्यम, हिरदेश कुमार, बोबी मलिक, विनय कुमार, मनीष कुमार, रूपेंद्र सिंह, लोकेंद्र बालियान, मानवेंद्र सिंह शामिल रहे।