हसनपुर (अमरोहा)। तीन दिन से लापता मजदूर का शव बृहस्पतिवार को आम के बाग में मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों ने मृतक के छोटे भाई व साले पर ही जायदाद के बंटवारे को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
हसनपुर के मोहल्ला मनापुर निवासी 45 वर्षीय सुभाष मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते थे। बृहस्पतिवार दोपहर सुभाष का शव हैबतपुर बंजारा रोड के किनारे आम के बाग में मिला। शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। चेहरा जला था। आशंका जताई जा रही है कि शव तेजाब से जलाया गया हो। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के बेटे आकाश का कहना है कि कुछ दिन पूर्व प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसका आवास बनाया गया था। इधर, जायदाद के बंटवारे को लेकर चाचा खफा चल रहे थे।
16 अगस्त की दोपहर चाचा घर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। छोटे भाई विकास एवं शोभित ने विरोध किया। इस दौरान नोकझोंक हुई। इसके बाद चाचा ने कोतवाली में तहरीर दी। शाम के समय जब पिता सुभाष घर पहुंचे और उन्हें यह मालूम हुआ कि छोटे भाई ने थाने में तहरीर दी है तो वह गायब हो गए थे। बृहस्पतिवार दोपहर को पिता का शव बाग में मिला है।
आरोप है कि चाचा और उनके साले ने पिता की हत्या की है। सीओ सतीशचंद पांडेय ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार त्यागी का कहना है कि आम के बाग में एक व्यक्ति का शव मिला है। फोरेंसिक टीम ने भी जांच की है। तहरीर पर मृतक के छोटे भाई योगेश व उसके साले चमन निवासी घंसूरपुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।