उझारी। स्वीमिंग पुल में नहाने के दौरान बालक की हुई मौत के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर नाराज लोगों ने बुधवार को पुलिस चौकी पर हंगामा किया। प्रदर्शन करते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। आरोप है कि पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है।
उझारी के मोहल्ला कादरी चौक में नूर मोहम्मद का दस वर्षीय बेटे साहिल का शव मंगलवार शाम स्वीमिंग पुल के पास मिला था। परिजनों ने पास में ही खून पड़ा देखकर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। बुधवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
शव दफनाने के बाद देरशाम पुलिस चौकी पर पहुंचे परिजन व आसपास के लोगों ने हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। लोगों ने कहा कि पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। मगर हमें न्याय चाहिए। थाना प्रभारी अरिहंत कुमार सिद्धार्थ का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।