अमरोहा। क्रिकेट विश्वकप में रविवार को भारत के मैच का आगाज हो गया। पहला ही मैच आस्ट्रेलिया के बीच हुआ। दोपहर दो बजे जैसे ही मैच शुरू हुआ तो क्रिकेट प्रेमी टीवी से चिपक गए। हालांकि, भारत को टॉस हारने के बाद गेंदबाजी करने का मौका मिला। जिसमें भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आस्ट्रेलिया को 200 रन पर ढेर कर दिया। इस दौरान प्रशंसक खासे उत्साहित रहे। वहीं, अमरोहा के मोहम्मद शमी के मैच में न खेलने को लेकर थोड़ी मायूसी भी रही।
रविवार को अवकाश का दिन था। दोपहर दो बजे मैच शुरू हुआ तो क्रिकेट प्रेमी टीवी व मोबाइल पर चिपक गए। उन्होंने भारत की शानदार गेंदबाजी का आनंद लिया। आस्ट्रेलिया का पहला विकेट जल्दी गिरा तो भारतीय टीम के प्रशंसक उछल पड़े। उसके बाद डेविड वार्नर और स्मिथ के बीच साझेदारी हुई तो चिंता बढ़ गई। कुछ ही देर में जडेजा और कुलदीप यादव ने मैच का रुख पलट दिया। एक के बाद एक आस्ट्रेलिया के विकेट गिरते रहे और अमरोहा वासी खुशी मनाते रहे। 200 रन बनाने का लक्ष्य मिलने के बाद लगा कि भारत शानदार जीत हासिल करेगा, लेकिन भारतीय बल्लेबाजी शुरू हुई तो एक के बाद एक रोहित, ईशान किशन व श्रेयस अय्यर पहले दो ओवरों में ही आउट हो गए। जिससे क्रिकेट प्रेमियाें की चिंता बढ़ गई। हालांकि, बाद में केएल राहुल और विराट कोहली की बैटिंग ने प्रशंसकों को झूमने का मौका दिया। उनके द्वारा लगाए गए चौकों को देखते ही उनका उत्साह बढ़ता रहा। जिसके बाद मैच में भारत बेहतर स्थिति में दिखा। रोमांचक मैच को देखने के लिए क्रिकेट प्रेमी अपना काम निपटाकर टीवी से चिपक कर मैच का आनंद लेते रहे। बाजार में दुकानों एवं घरों में लोग टीवी से चिपके नजर आए। हालांकि विश्वकप टीम में शामिल अमरोहा के मोहम्मद शमी को अंतिम ग्यारह में जगह नहीं मिलने से क्रिकेट प्रेमियों को थोड़ी निराशा जरूर हुई, लेकिन मैच देखने का उत्साह कतई कम नही हुआ।
-