अमरोहा। जनपद के नौ निकायों की मतगणना का कार्य शनिवार की सुबह आठ बजे शुरू होगा। इससे मतपेटियों में बंद अध्यक्ष और सभासद पद के 1238 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। प्रशासन ने वोटों की गिनती के अलावा सुरक्षा से संबंधित चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की हैं। अफसरों की बैठक लेने के बाद बृहस्पतिवार की दोपहर अफसरों ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। कुछ कमियां नजर आईं, जिन्हें दूर करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने जिले के नौ निकायों की मतगणना के लिए चार केंद्र निर्धारित किए हैं। इसमें राजकीय इंटर कालेज में अमरोहा और जोया, श्रीराम किसान इंटर कालेज बादशाहपुर में नौगांवा सादात, राष्ट्रीय इंटर कालेज धनौरा में गजरौला, बछरायूं व धनौरा और मंडी समिति हसनपुर में उझारी, सैदनगली और हसनपुर निकाय की मतगणना होगी। चारों स्थानों पर ही प्रशासन ने स्ट्रांग रूम बनाए हैं और मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा में रखा है। शुक्रवार की सुबह आठ बजे से चारों केंद्रों पर मतगणना का काम चालू होगा, जिसके जरिये 1238 प्रत्याशियों का भाग्य लिखा जाएगा। इसमें 126 प्रत्याशी चेयरमैन पद और 1112 सभासद के शामिल हैं। मतगणना को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए अफसरों ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। सुरक्षा से लेकर वोटों की गिनती व मेजों आदि की स्थिति देखी गई।