ढबारसी (अमरोहा)। कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए मुख्यमंत्री ने सभी स्कूल और कॉलेज दो अप्रैल तक बंद करने के आदेश दिए हैं। यहां तक की एमजेपी रुहेलखंड यूनिवर्सिटी की परीक्षाओं में भी रद्दो बदल किया गया है। रहरा के इंटर कॉलेजों के मालिकों पर इसका कोई असर दिखाई नहीं दिया। आदेश आने के बावजूद भी बुधवार को रहरा में दो इंटर कॉलेज खोले गए। जिनमें परीक्षाएं चल रही थी। किसी अभिभावक ने इसकी शिकायत डीएम से कर दी। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी गंगेश्वरी ने इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को फोन किया। उस समय दोनों इंटर कॉलेजों में उत्तर पुस्तिकाएं बंट चुकी थी। प्रश्न पत्र बांटने वाले थे, लेकिन खंड शिक्षा अधिकारी के आदेश के बाद दोनों इंटर कॉलेजों की आननफानन में छुट्टी कर दी गई। खंड शिक्षा अधिकारी गंगेश्वरी अमरेश कुमारी ने बताया कि रहरा में दो इंटर कॉलेज आदेश के बावजूद खुले हुए थे। जिन्हें बंद करा दिया गया है। यदि कल क्षेत्र में स्कूल, कॉलेज खुले पाए गए तो प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।