गजरौला (अमरोहा)। सिपाही ने दिव्यांग के घर में घुस कर उसकी बहन के साथ छेड़खानी की। शोर मचाने पर आए मोहल्ले के लोगों ने आरोपी सिपाही को पकड़ लिया। फोन कर पुलिस बुला ली। आरोपी सिपाही पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने दोपहर उसका मेडिकल कराया। एसपी के मुताबिक, मेडिकल परीक्षण में सिपाही के नशे में होने की पुष्टि हुई है। उसने नशे की हालत में दिव्यांग के घर में घुसकर मारपीट की है। इसलिए सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।
मामला नगर के एक मोहल्ले का है। मोहल्ला निवासी युवक दिव्यांग है। वह मोहल्ले में ही जन सूचना केंद्र चलाता है। उसका आरोप है कि मंगलवार रात 11 बजे यूपी-112 पर तैनात सिपाही नितिन पाल उसके घर में घुस गया। सिपाही ने घर में सो रही उसकी बहन के साथ खींचतान की। वह छेड़खानी करते हुए युवती को कमरे में खींचने लगा। युवती के शोर मचाने पर दूसरे कमरे में सो रहा उसका भाई जाग गया। उसके शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। सिपाही को पकड़ लिया। घर में घुस कर सिपाही द्वारा युवती के साथ खींचतान करने की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मोहल्ले में पहुंची।
आरोपी सिपाही को मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सौंप दिया। बुधवार की सुबह युवती, उसका भाई, परिजन और मोहल्ले के लोग थाने पहुंचे। आरोपी सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी। दोपहर साढ़े 12 बजे पुलिस ने आरोपी सिपाही नितिन पाल का सीएचसी में मेडिकल कराया गया। मेडिकल में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने उसके कारनामे की आला अफसरों को सूचना दी। जिस पर एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने उसे निलंबित कर दिया। एसपी कुंवर अनुपम सिंह का कहना है कि सिपाही शराब के नशे में घर घुस गया था। उसने मारपीट की थी। घर में घुस कर मारपीट करने के आरोप में उसे निलंबित किया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
घर में घुस कर खींचतान करते पकड़ा गया सिपाही नशे की हालत में था। घर में घुसने से पहले उसने दिव्यांग के पड़ोसी से फोन पर बात की। बातों बातों में उसके साथ अभद्रता करने लगा। दिव्यांग को भी गाली दी। जान से मारने व जिंदगी झंड करने की धमकी दे रहा है। उसने यह भी कहा कि वह दो मिनट में सबक सिखा सकता है। सिपाही ने दरोगा को गंदी गाली देते हुए यह भी कहा कि वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। सिपाही द्वारा अभद्रता करने व गाली देने की ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।