कांग्रेसियों ने शहर में निकाली भारत जोड़ो यात्रा
अमरोहा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शहर में भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई। जिला कांग्रेस के ओमकार कटारिया के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति से आजाद रोड, आंबेडकर पार्क, हिंदू कॉलेज, बड़ा बाजार, कोतवाली, गुजरी, शफातपोता, दानिशमंदान होते हुए भारत जोड़ो यात्रा टीपी नगर चौराहे तक निकाली गई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया गया। ओमकार सिंह कटारिया ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में 7 सितंबर से कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3570 किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है। यह यात्रा भारत के लगभग 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। यह यात्रा भारतवासियों के लिए न्याय की हुंकार होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भारतीय जनता पार्टी ने दूषित राजनीति करके इस भारत देश को धर्मों एवं जातियों में बांट दिया है। इस दौरान शमीम अय्यूब, चौधरी सुखराज सिंह, फैज आलम रायनी, अब्दुल सत्तार सैफी, खुर्रम खान, चौधरी नरेंद्र सिंह, मोहसिन अली तुर्क, निसार अहमद, टिंकू गुर्जर, साजिद अल्वी आदि मौजूद रहे।