हसनपुर। चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेसियों ने आंबेडकर पार्क में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक सांकेतिक भूख हड़ताल की।
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया। ज्ञापन में वोट चोरी, निष्पक्षता की अनदेखी और लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का कहना है कि देश में निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। वोट चोरी से संबंधित उठाए जा रहे सवालों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि आम जनता का निर्वाचन आयोग पर विश्वास बना रहे।
यहां पूर्व जिलाध्यक्ष तारिक मोहम्मद खान, छुनन भारती, ताहिर वसीम, डॉ टीपी सिंह, शकील अहमद, पवन कुमार, शोएब सिद्दीकी, भूरे आदि मौजूद रहे। संवाद