अमरोहा। दो बाइकों की भिड़ंत में मंडी धनौरा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुभाष नगर के रहने वाले हलवाई आशु कुमार (20) की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो सगे भाई घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
आशू कुमार गांव में रहने वाले दिवंगत रोहतास सिंह के बेटे थे। आशु कुमार की ससुराल चंदौसी की है। सोमवार की दोपहर आशु बाइक पर सवार होकर अपनी ससुराल चंदौसी जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक अमरोहा से बंबूगढ़ जोया रोड स्थित हुसैनपुर गांव के सामने पहुंची तभी सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। सामने वाली बाइक पर अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के मोहल्ला खालसा निवासी शुभम और उसका भाई योगेश सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में आशु कुमार की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल भाइयों को अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी मिलते ही उनके परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। आशु कुमार की मौत के बाद दोनों परिवार में चल रहीं होली की खुशियां काफूर हो गईं।